देश के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की जिंदगी पर बनी फिल्म सैम बहादुर में विक्की कौशल ने एक बार फिर अपने अभिनय से कमाल कर दिया है। ‘सैम बहादुर’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और विक्की कौशल ने सैम मानेकशॉ के किरदार में अपने उम्दा अभिनय से जान फूँक दी है। फिल्म का ट्रेलर जितना दमदार था उतना ही दमदार फिल्म का रिव्यू भी सामने आ रहा है।
मेघना गुलज़ार द्वारा निर्देशित सैम बहादुर मूवी में विक्की कौशल के साथ सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख भी अहम रोल में नजर आ रही हैं। आज रिलीज होने के बाद से ही एक्स सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फिल्म ट्रेंड कर रही है।
फिल्म: सैम बहादुर निर्देशक: मेघना गुलजार कलाकार: विक्की कौशल, मोहम्मद जीशान अय्यूब, फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा, और नीरज काबी अवधि: 150 मिनट रिलीज: 1 दिसम्बर 2023 रेटिंग: 3.5/5
Sam Bahadur Movie Review: अभिनय कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया
फिल्म देखने के बाद इसमें कोई शक नहीं रह जाता है कि विक्की कौशल ने एक बार फिर से अपने अभिनय कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म देखकर निकलने वाले अधिकतर दर्शकों से फिल्म को पॉजिटिव रिस्पॉन्स तो मिल ही रहा है, साथ में विक्की कौशल की एक्टिंग की सराहना भी हो रही है। उन्होने एक बार फिर से देश के इस वीर जाबांज अफसर की याद ताज़ा कर दी।
सैम बहादुर आज सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की एनिमल फिल्म के साथ ही रिलीज हुई है। दर्शकों के बीच दोनों ही फिल्मों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Sam Bahadur Movie Review: बायोपिक के लिहाज से सफल फिल्म
मेघना गुलज़ार के डाइरैक्शन में बनी सैम बहादुर एक बायोपिक के लिहाज से सफल फिल्म मानी जा सकती है। सान्या मल्होत्रा सैम मानेकशॉ की पत्नी सिल्लू के रूप में पर्दे पर नजर आई हैं। पर्दे पर इमोशनल टच देने में वो कामयाब हुई हैं। वहीं फिल्म में फातिमा सना शेख इन्दिरा गांधी की भूमिका में हैं।
अगर फिल्म में एक बात खटकती ह तो वह है फिल्म का म्यूजिक जोकि बहुत लाउड रखा गया है। फिल्म में शंकर एहसान लाय का संगीत है। कहीं-कहीं यह कानों को अच्छा नहीं लग रहा है। फिल्म में कई रियल फूटेज भी शामिल किए गए हैं। हालांकि फिल्म में कैमरा वर्क और पटकथा के साथ-साथ संवाद बहुत अच्छे हैं।
फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की जीवनी को कुछ मिनट में दिखाना अपने आप में एक चुनौती थी। फिल्म में कई जगहों पर ऐसा आभास होता है कि फिल्म की कहानी बहुत तेजी से आगे बढ़ गई है। सैम बहादुर को आप परिवार के साथ देख सकते हैं। यह एक पारिवारिक फिल्म है जो देशभक्ति की भावना से भरी हुई है।